वाराणसी 22 सितंबर:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत वाराणसी जिले में कार्यक्रमों में तेज हो गई है। अभियान के अंतर्गत ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम में 17 सितंबर से 15 अक्टूबर तक जिले के प्रत्येक विधानसभाओं में 28 प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन एवं 1 नाट्य मंचन किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष राम शकल पटेल के दिशा-निर्देशन में इन कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।मंगलवार को वाराणसी सर्किट हाउस सभागार प्रेसवार्ता आयोजन किया गया।जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया गया कि पार्टी का उद्देश्य नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन, उनकी सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण की 25 वर्षों की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाना है।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 15 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सांस्कृतिक और वैचारिक कार्यक्रमों के तहत नुक्कड़ नाटक मंडलियों द्वारा बाजारों, चौराहों, हाट-बाजारों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर प्रस्तुति दी जाएगी। नाटकों में पीएम मोदी के बचपन से लेकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके संघर्ष, गरीब कल्याण की योजनाओं, काशी के विकास, स्वच्छता अभियान, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों को रोचक अंदाज में दिखाया जाएगा।
पार्टी की ओर से सभी मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों, मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सभी 28 स्थानों पर निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में आयोजित प्रेसवार्ता में जिला महामंत्री संजीव सिंह गौतम, संजय सोनकर, जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह ‘मिंटू’ अमित पटेल ‘रिंकू’, और मीडिया से अभिषेक त्रिपाठी ‘सुमित’ मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत नुक्कड़ नाटकों के अलावा स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, दिव्यांग सहायता शिविर और बुद्धिजीवी सम्मेलन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।







