बदलापुर
विधानसभा क्षेत्र में आयोजित दो दिवसीय भव्य शिव कांवड़ यात्रा के दूसरे दिन सोमवार को विद्वावती रिसॉर्ट से यात्रा का शुभारंभ हुआ। विधायक रमेश चंद्र मिश्र के नेतृत्व में निकली कांवड़ यात्रा मुरादपुर और कलिंजरा मोड़ होते हुए भारी बारिश के बीच तेजी बाजार पहुंची। विधायक स्वयं कांवड़ उठाकर शिवभक्तों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए।
तेजी बाजार पहुंचते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर गुलाब की पंखुड़ियों की पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। आसमान से हुई पुष्पवर्षा और नीचे गूंजते ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा माहौल शिवमय हो गया।
इसके बाद कांवड़ यात्रा तेजी बाजार से बरईपार होते हुए करछुलनाथ मंदिर पहुंची। यहां विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर क्षेत्र के विकास, सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की। श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक में भी सहभागिता की। देर रात तक मंदिर परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन चलता रहा, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया







