(सकलडीहा, चंदौली):
उत्तर प्रदेश के जनपद चंदौली अंतर्गत सकलडीहा विकास खंड की टीमिलपुर ग्राम सभा से बिजली विभाग की घोर लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां के स्थानीय दुर्गा माता मंदिर के पास घरेलू सप्लाई के तार अत्यंत जर्जर होकर बेहद नीचे तक लटक रहे हैं। आस्था के इस प्रमुख केंद्र के पास विभाग की इस उदासीनता से कभी भी कोई बड़ी और अप्रिय घटना घटित हो सकती है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। दुर्गा माता मंदिर के पास से गुजरने वाले विद्युत तार काफी नीचे आ चुके हैं,
जिससे श्रद्धालुओं और राहगीरों को हर वक्त करंट की चपेट में आने का डर सताता रहता है। तारों की स्थिति इतनी खराब है कि वे हल्के झोंके या बारिश में भी टूटकर गिर सकते हैं, जिससे बड़ी जनहानि की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस गंभीर खतरे के बारे में विद्युत उपकेंद्र (सब-स्टेशन) को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। सुबह-शाम मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आने वाली महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को हमेशा डर के साये में रहना पड़ता है।
वही समीप ही कंपोजिट विद्यालय भी है जहां प्रति दिन सैकड़ो बच्चे शिक्षा ग्रहण करने के लिए आते हैं। टीमिलपुर के ग्रामीणों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि बिजली विभाग ने मंदिर परिसर के पास के इन जर्जर तारों को तुरंत दुरुस्त नहीं किया या उन्हें सुरक्षित ऊंचाई पर नहीं बांधा, तो वे सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
स्थानीय जनता ने सकलडीहा क्षेत्र के विद्युत उपखंड अधिकारी (SDO) और जूनियर इंजीनियर (JE) से मांग की है कि इस संवेदनशील स्थल का तुरंत निरीक्षण कर नए तार लगवाए जाएं, ताकि किसी भी अनहोनी को समय रहते टाला जा सके।







