गोरखपुर:
पिपराइच रोड स्थित पूर्व मंत्री जितेंद्र उर्फ पप्पू जायसवाल के विश्वनाथ कोल्ड स्टोरेज में रखी मूंगफली के कारोबार में जीएसटी चोरी के संदेह पर राज्यकर विभाग की विशेष जांच शाखा (एसआईबी) ने बुधवार को छापेमारी की। 12 सदस्यीय टीम ने देर रात तक मूंगफली के कारोबार से जुड़े अभिलेख, ई-वे बिल और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही कर चोरी की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बुधवार शाम करीब चार बजे एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-टू (एसआईबी) संजय कुमार और सहायक कमिश्नर उदित नारायण के नेतृत्व में कई वाहनों से पहुंची एसआईबी टीम ने विश्वनाथ कोल्ड स्टोरेज में जांच शुरू की। अचानक हुई कार्रवाई से परिसर में हड़कंप मच गया। टीम ने मूंगफली के परिवहन, भंडारण और कारोबार से जुड़े रिकॉर्ड अपने कब्जे में लेकर उनका मिलान किया।
सूत्रों के मुताबिक, राज्यकर विभाग को मूंगफली के कारोबार में लाखों रुपये की जीएसटी चोरी की सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर एसआईबी ने कार्रवाई की। जांच के दौरान ट्रकों से पहुंची मूंगफली की आवाजाही, ई-वे बिल और अन्य रिकॉर्ड का मिलान किया गया, ताकि कर देयता का सही आकलन किया जा सके।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कोल्ड स्टोरेज में मौजूद कर्मचारियों और संबंधित लोगों से भी पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई। देर रात तक टीम एक-एक दस्तावेज की जांच और रिकॉर्ड के सत्यापन में जुटी रही। हालांकि, जांच पूरी होने तक अधिकारियों ने कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करने से इनकार किया।
ज्वाइंट कमिश्नर राज्यकर विभाग यू.एन. सिंह ने बताया कि टैक्स चोरी के इनपुट के आधार पर जांच की जा रही है। दस्तावेजों का सत्यापन जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कर चोरी हुई है या नहीं तथा यदि हुई है तो बकाया कर की वास्तविक राशि कितनी है।










Users Today : 6
Users This Year : 24685
Total Users : 37278
Views Today : 8
Total views : 73316