चंदौली
मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस कर्मियों पर हमला करने और मारपीट के मामले में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को सावन माह के दौरान मीट एवं मुर्गा दुकानों पर नोटिस तामील कराने के लिए दुलहीपुर चौकी के पुलिसकर्मी क्षेत्र में गए थे।
इसी दौरान दुलहीपुर निवासी प्रिंस सोनकर ने कथित रूप से सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और हाथापाई की।
सूचना पर चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
आरोप है कि पुलिस जब प्रिंस सोनकर को पकड़कर चौकी ले जाने का प्रयास कर रही थी, तभी उसके परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
घटना में चौकी प्रभारी की आंख के पास चोट आई, जबकि कांस्टेबल बालकृष्ण यादव का गला दबाने, उनकी वर्दी फाड़ने और नेम प्लेट तोड़ने का भी आरोप है।
एक अन्य पुलिसकर्मी मोहित यादव भी घायल हुए। जाते समय आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी।
इस मामले में मुगलसराय थाने में मुकदमा संख्या 386/2026 के तहत विभिन्न धाराओं तथा 7 सीएलए एक्ट में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अलीनगर रोड स्थित गंजी प्रसाद तिराहे के पास दबिश देकर मंगलवार सुबह दो वांछित आरोपियों अमरजीत सोनकर उर्फ छोटू (24 वर्ष) और प्रिंस सोनकर उर्फ विराट सोनकर (26 वर्ष), दोनों निवासी दुलहीपुर, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।







