जौनपुर
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने बंदियों से सीधे संवाद कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही बंदियों की समस्याएं और सुझाव सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने जेल चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। भर्ती बंदियों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के बारे में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी बंदियों को समय पर बेहतर इलाज मिले तथा गंभीर मरीजों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
इसके अलावा अधिकारियों ने कारागार परिसर की साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, रसोईघर, भोजन वितरण व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप सभी बंदियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सदर सहित कारागार के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।







