वाराणसी
पवित्र सावन माह के आगमन और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए लोहता पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आवागमन को सुगम करने के उद्देश्य से थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस बल ने सड़कों पर उतरकर एक विशेष चेकिंग व अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया।
मुड़ैला तिराहे पर चला ‘पीला पंजा’, अतिक्रमण मुक्त हुई सड़क
अभियान के तहत पुलिस टीम ने सबसे पहले मुड़ैला तिराहे का रुख किया। यहाँ सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई दुकानों, ठेलों और अतिक्रमण को हटवाया गया। थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय ने बताया कि सावन के दौरान इस मार्ग से बड़ी संख्या में कांवरिया और आम श्रद्धालु गुजरते हैं। ऐसे में सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण बार-बार लगने वाले जाम और हादसों की संभावना को खत्म करने के लिए यह कार्रवाई जरूरी थी।
सघन वाहन चेकिंग: काली फिल्म और ‘तीन सवारी’ पर कसा शिकंजा
अतिक्रण हटाने के साथ-साथ पुलिस ने मुड़ैला तिराहे और आसपास के प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया।इस दौरान संदिग्धों पर पैनी नजर बिना नंबर प्लेट और संदिग्ध अवस्था में घूम रहे वाहन चालकों की तलाशी ली गई।
नियम तोड़ने वालों पर गाज
एक ही बाइक पर ‘तीन सवारी’ बैठाने वालों और गाड़ियों के शीशों पर ‘काली फिल्म’ (ब्लैक फिल्म) लगाकर चलने वालों को रोककर चालान काटा गया।
सख्त चेतावनी
चेकिंग के दौरान कई वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत देकर छोड़ा गया, जबकि कई के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई।
लोहता थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय ने बताया की। सावन का महीना आस्था और पवित्रता का प्रतीक है। श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
क्षेत्र में बना हलचल का माहौल
पुलिस के अचानक इस तरह सड़कों पर उतरने से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों और अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मचा रहा। वहीं दूसरी ओर, स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने पुलिस की इस मुस्तैदी का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे सावन में जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।







