मीरजापुर
डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल, लोहिया तालाब में बुधवार को “तनाव-मुक्त अभिभावकत्व” विषय पर एक प्रेरणादायक मास्टरक्लास का आयोजन किया गया। सत्र का संचालन द आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ फैकल्टी और प्रसिद्ध अभिनेता करण अरोड़ा ने अपराजिता सिंह के साथ किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पल्लवी सिंह और विशिष्ट अतिथि के रूप में सिविल जज सीनियर डिवीजन गरिमा सिंह मौजूद रहीं। इसके अलावा मीरजापुर की पूर्व जिलाधिकारी और वर्तमान में लखनऊ सचिव दिव्या मित्तल भी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
“आपके बच्चे की सफलता आपकी भावनात्मक भलाई से शुरू होती है” थीम पर आधारित इस सत्र में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने हिस्सा लिया।

सत्र की मुख्य बातें:
* दबाव की स्थिति में मन को शांत और स्थिर कैसे रखा जाए • तनाव-मुक्त अभिभावकत्व के सरल उपाय • बच्चों के साथ विश्वास और संवाद को कैसे गहरा किया जाए • शांति, स्पष्टता और फोकस के लिए सरल श्वास तकनीकें • घर को अधिक खुशहाल, स्वस्थ और जुड़ाव वाला कैसे बनाया जाए
करण अरोड़ा ने अभिभावकों को व्यावहारिक अभ्यास और ध्यान के माध्यम से तनाव कम करने के तरीके बताए। अभिभावकों ने सत्र को बेहद लाभदायक बताया। पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बच्चों की प्रमुख समस्याओं और उनके समाधान पर प्रकाश डाला। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि रोजाना एक घंटा बच्चों के साथ जरूर बैठें, उनसे बात करें और दूसरे बच्चों से उनकी तुलना बिल्कुल न करें।

स्कूल की निर्देशिका अपराजिता सिंह ने सभी अभिभावकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पैरेंट्स और बच्चों दोनों को लाभ होता है और स्कूल आगे भी ऐसे सार्थक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और सामूहिक ध्यान के साथ हुआ।







