वाराणसी
शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील चौराहों में शुमार पांडेयपुर चौराहे को जल्द ही जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने वाली है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने चौराहे के पुनर्निर्माण और सुंदरीकरण की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पांडेयपुर चौराहे का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मौके पर ही कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने चौराहे के समीप लगे डिवाइडर को हटाने तथा सड़क पर अव्यवस्थित रूप से खड़े ऑटो के कारण लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए अलग से ऑटो स्टैंड चिन्हित करने के निर्देश दिए, जिससे यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।
नगर आयुक्त ने चौराहे के कायाकल्प और सुंदरीकरण को लेकर गंभीरता दिखाते हुए नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र को आर्किटेक्ट आफताब, पीडब्ल्यूडी और यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ तत्काल समन्वय स्थापित कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पार्षद मदन मोहन दुबे, पार्षद अशोक कुमार मौर्य, नगर निगम के अधिशासी अभियंता एम.के. सिंह तथा पीडब्ल्यूडी के अभियंता भी मौजूद रहे।
अब उम्मीद है कि पांडेयपुर चौराहे का नया स्वरूप न सिर्फ शहर की खूबसूरती बढ़ाएगा, बल्कि रोजाना जाम से जूझने वाले हजारों लोगों को भी बड़ी राहत देगा।







