लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भी बिजली दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही प्रदेश में लगातार सातवें वर्ष बिजली की दरें स्थिर रहेंगी। सरकार का दावा है कि पिछले सात वर्षों में बिजली की कीमतों में एक पैसे की भी वृद्धि नहीं की गई है।
सरकार के इस फैसले से आम उपभोक्ताओं, किसानों, व्यापारियों और उद्योगों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। वहीं, बिजली दरों को स्थिर रखने के साथ प्रदेश में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में भी लगातार सुधार किया गया है। सरकार का लक्ष्य शहरों से लेकर गांवों तक 24×7 गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना है।
इस वर्ष उत्तर प्रदेश ने बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड भी बनाया। गर्मी के मौसम में राज्य में 32,673 मेगावाट की अधिकतम बिजली आपूर्ति दर्ज की गई, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि वर्ष 2026-27 में भी सभी उपभोक्ताओं के लिए वही बिजली दरें लागू रहेंगी, जो सात वर्ष पहले थीं। उन्होंने कहा कि यह निर्णय ऐसे समय लिया गया है जब प्रदेश में रिकॉर्ड स्तर पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।







