वाराणसी:
पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की चौक थाना पुलिस ने करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी ठगी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेज और स्वामित्व के कूटरचित कागजात दिखाकर आरोपियों ने एक कारोबारी से करीब ₹3 करोड़ की रकम हड़प ली।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मलदहिया स्थित नीलकॉटेज कॉलोनी के एक मकान को अपना बताकर बेचने का झांसा दिया। भरोसा दिलाने के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज और स्वामित्व संबंधी कागजात दिखाए गए, जिसके बाद पीड़ित ने अलग-अलग माध्यमों से करोड़ों रुपये का भुगतान कर दिया।
जब रजिस्ट्री कराने का समय आया तो आरोपी लगातार बहाने बनाकर टालमटोल करते रहे। संदेह होने पर पीड़ित ने स्वयं जांच कराई, जिसमें पता चला कि जिस जमीन पर मकान बना है, वह रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार से संबंधित भूमि है और उसका सामान्य रूप से क्रय-विक्रय किया ही नहीं जा सकता।
इसके बाद पीड़ित ने चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी राज कुमार बाजपेयी (57 वर्ष) समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल, आपराधिक षड्यंत्र, धमकी समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह ने इसी तरह की अन्य प्रॉपर्टी धोखाधड़ी की घटनाओं को भी अंजाम दिया है या नहीं।











Users Today : 59
Users This Year : 24833
Total Users : 37426
Views Today : 97
Total views : 73626