गाजीपुर
जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिरनो पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गौ तस्कर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथियों को मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक पिकअप वाहन तथा चार जिंदा गोवंश बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। ग्राम जरगो से पलिया की ओर जाते समय हनुमान मंदिर के पास एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि वाहन सवार एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सेराज खान के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो भेजा गया।मौके से गिरफ्तार अन्य आरोपियों की पहचान संतोष राजभर निवासी करीमुद्दीनपुर तथा दिलमोहन राठौर निवासी गुलालसराय, थाना बिरनो के रूप में हुई।
पुलिस ने तीनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घायल आरोपी सेराज खान तथा संतोष राजभर के विरुद्ध गौ तस्करी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस सहित विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दिलमोहन राठौर पर भी एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज बताया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बिरनो शैलेन्द्र प्रताप सिंह एवं उनकी पुलिस टीम की प्रमुख भूमिका रही।










Users Today : 10
Users This Year : 24689
Total Users : 37282
Views Today : 18
Total views : 73326