मोतिहारी
महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के समाज कार्य विभाग की एमएसडब्ल्यू (सत्र 2025-27) द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा वैष्णवी का चयन देश की प्रतिष्ठित गांधी फेलोशिप के 19वें बैच के लिए हुआ है।
यह फेलोशिप पिरामल फाउंडेशन के परिवर्तनकारी कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित की जाती है तथा युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की भावना विकसित करने पर केंद्रित है।
वैष्णवी मोतिहारी शहर के चांदमारी मोहल्ले की निवासी हैं। उनके पिता अनिल कुमार हैं। गांधी फेलोशिप के माध्यम से उन्हें शिक्षा, सामुदायिक विकास और सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में कार्य करते हुए युवा नेतृत्व के गुणों को विकसित करने का अवसर प्राप्त होगा।
इस उपलब्धि पर सामाजिक विज्ञान विद्यालय के डीन प्रो. सुजीत कुमार चौधरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वैष्णवी की सफलता विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, समर्पण और सामाजिक विकास के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।
समाज कार्य विभाग के शिक्षकों डॉ. उपमेश कुमार, डॉ. अनुपम कुमार वर्मा, डॉ. मृत्युंजय कुमार सिंह, डॉ. अरुण दुबे, डॉ. मुस्कान भारती एवं डॉ. अल्पिका त्रिपाठी ने वैष्णवी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल फेलोशिप यात्रा के लिए शुभकामनाएँ दीं।
विश्वविद्यालय परिवार ने वैष्णवी की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि वह अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।







