वाराणसी।
कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के उद्देश्य से चेतगंज थाना प्रभारी निरीक्षक ने मय हमराह पुलिस बल के साथ क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त एवं सघन अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया।
अभियान के तहत पुलिस टीम ने लहुराबीर चौराहे से वनिता पब्लिक स्कूल तिराहा, जय सिंह चौराहा, लोहा मंडी, विवेकानंद कॉलोनी, तेलियाबाग चौराहा, अमर उजाला तिराहा, प्रदीप होटल तिराहा होते हुए पुनः लहुराबीर तक पैदल मार्च किया। इस दौरान पुलिस ने प्रमुख बाजारों, चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल गश्त के दौरान सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई तथा दुकानदारों और ठेला-खोमचा संचालकों को यातायात बाधित न करने की हिदायत दी गई। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर सुरक्षा संबंधी फीडबैक भी लिया और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।
चेतगंज पुलिस के इस अभियान से क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।







