चन्दौली पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। नगर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मुगलसराय की ओर से आ रही एक स्कूटी में अचानक आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों के अनुसार स्कूटी सवार युवती सड़क पर जा रही थी, तभी वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग लग गई।
घटना में स्कूटी चला रही अंशिका पटेल (23 वर्ष) पुत्री/पुत्री सीता पटेल, निवासी रामनगर, आग की चपेट में आ गईं। आग लगने से उनके घुटनों के नीचे का हिस्सा झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल सहायता कर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घायल युवती का इलाज आयुष हेल्थकेयर हॉस्पिटल में कराया गया। अस्पताल के निदेशक डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि सुबह अंशिका पटेल को उनकी मां सीता पटेल के साथ अस्पताल लाया गया था। स्कूटी में अचानक आग लगने से वह घुटनों के नीचे तक झुलस गई थीं।
डॉ. सिंह के अनुसार, आग लगने के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। अस्पताल में युवती को तत्काल प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) और ड्रेसिंग की गई। उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार होने पर परिजन उन्हें घर ले गए।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच स्कूटी में अचानक आग लगने की घटना चर्चा का विषय बनी रही। स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से नियमित रूप से अपने वाहनों की जांच कराने और सतर्क रहने की अपील की है।










Users Today : 10
Users This Year : 24689
Total Users : 37282
Views Today : 18
Total views : 73326