प्रतापगढ़।
जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना आसपुर देवसरा पुलिस और स्पेशल टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की 202.31 ग्राम अवैध एमडी (मेथामफेटामाइन) ड्रग्स बरामद करते हुए पांच शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक अर्टिगा कार और एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी आसपुर देवसरा राकेश चौरसिया एवं स्पेशल टीम प्रभारी विजेन्द्र सिंह की टीम ने 7/8 जून की रात सैफाबाद-मुरैनी मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध अर्टिगा कार और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को रोका।
तलाशी के दौरान अभियुक्तों और वाहनों से कुल 202.31 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जो एनडीपीएस एक्ट के अनुसार वाणिज्यिक श्रेणी (कमर्शियल क्वांटिटी) में आती है। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त
– सूरज दुबे उर्फ दीपेश (जनपद जौनपुर)
– आनन्द मिश्रा (सौराई, आसपुर देवसरा)
– दिव्यांशु दूबे उर्फ गब्बर (जनपद जौनपुर)
– आलोक शुक्ला (औंगापुर, आसपुर देवसरा)
– मंजीत मिश्रा (लखनीपुर, आसपुर देवसरा)
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद एमडी ड्रग्स बिक्री के लिए ले जाई जा रही थी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी आनन्द मिश्रा और मंजीत मिश्रा अपने अन्य साथियों कुशु मिश्रा और छोटू मिश्रा के साथ मिलकर एमडी के अवैध कारोबार में सक्रिय थे।
पुलिस के अनुसार कुशु मिश्रा और उसके परिजनों का भी मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके बड़े भाई लवी मिश्रा के खिलाफ पूर्व में हरियाणा और दिल्ली पुलिस द्वारा भी मादक पदार्थों के बड़े कारोबार में संलिप्तता के आरोप में कार्रवाई की जा चुकी है।
गिरफ्तार किए गए कई अभियुक्तों के खिलाफ पहले से मारपीट, धमकी, लूट, आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और पूरे गिरोह की आर्थिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
इस मामले में थाना आसपुर देवसरा पर मु0अ0सं0 147/2026, धारा 22(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेजा जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर ऐसे अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि नशा तस्करी या मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि प्रभावी और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। प्रतापगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अब तक की बड़ी सफलताओं में माना जा रहा है।







