गाज़ीपुर में करोड़पति होटल स्वामी आलोक राय के बेटे विनीत राय की शुक्रवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि विनीत होटल से घर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
विनीत की शादी एक वर्ष पहले ही हुई थी और उनकी 2 माह की मासूम बेटी भी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
व्यवसायी आलोक राय ने हत्या के पीछे कुख्यात बदमाश शंकर पांडेय का नाम लिया है। आरोप है कि वह लंबे समय से रंगदारी मांग रहा था। बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 में भी पैसे न देने पर होटल पर हमला किया गया था।
इस मामले में 4 लोगों के खिलाफ हत्या की FIR दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शंकर पांडेय कथित रूप से ‘कटरा गैंग’ नाम से गिरोह चलाता है। इस गैंग पर लूटपाट, दबंगई और अवैध वसूली जैसी वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं। अब इस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।







