चकिया, चन्दौली
जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के अभियान के तहत चकिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम फत्तेपुर स्थित पहाड़ी के पीछे संचालित हो रहे संगठित जुए के अड्डे पर पुलिस ने छापेमारी कर छह लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान मौके से भारी मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन, ताश के पत्ते और कई मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 30 मई 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर चकिया पुलिस ने अचानक दबिश दी। पुलिस टीम को देखते ही कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि छह आरोपियों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से मालफड़ और जामा तलाशी के दौरान कुल 21,070 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, 06 मोबाइल फोन तथा मौके पर खड़ी 08 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अमलेश कुमार, निखिल पटेल, शुभम गिरी, वकील बिन्द, रामबली और रमेश जायसवाल शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी मिर्जापुर और चन्दौली जनपद के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 145/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मौके से फरार हुए अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
इस कार्रवाई को चकिया पुलिस की अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से जुए की शिकायतें मिल रही थीं, जिस पर पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के लिए कड़ा संदेश साबित होगी।
छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक अनिरुद्ध सिंह सहित पुलिस बल के कई जवान शामिल रहे, जिन्होंने सुनियोजित ढंग से कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







