चन्दौली डीडीयू नगर
शिव-पार्वती मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
स्थानीय निवासी राघवेंद्र कुमार सिंह चौहान ने बताया कि यह तीन दिवसीय आयोजन है। कार्यक्रम के पहले दिन विधि-विधान से वेदी निर्माण और मूर्ति शयन का अनुष्ठान संपन्न कराया गया था।

बुधवार को निकाली गई कलश यात्रा में 101 महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया। महिलाएं सिर पर कलश रखकर पूरे नगर में भ्रमण करती हुईं मंदिर पहुंचीं। इस दौरान मूर्ति का भी नगर भ्रमण कराया गया, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर मिला।
आयोजन के अंतिम दिन मंदिर में विधिपूर्वक मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके साथ ही श्रृंगार, रुद्राभिषेक और विशाल भंडारे का आयोजन होगा। रात में भव्य भक्ति जागरण भी आयोजित किया जाएगा।
कलश यात्रा में शामिल एक महिला ने क्षेत्र में नए मंदिर के निर्माण पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि वे कलश लेकर सभी पवित्र स्थलों का भ्रमण कर रही हैं, ताकि पूजा-अर्चना के माध्यम से इस आयोजन को और पवित्र बनाया जा सके। राघवेंद्र कुमार सिंह चौहान ने नगरवासियों से अपील की है कि वे इस पुनीत अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भंडारे में प्रसाद ग्रहण करें और धार्मिक कार्यक्रम का हिस्सा बनें।











Users Today : 0
Users This Year : 24718
Total Users : 37311
Views Today :
Total views : 73438