चकिया (चंदौली)
नगर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को व्यापारियों ने प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के बैनर तले एकत्रित व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी एवं नगर पंचायत अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
व्यापारियों का कहना है कि स्मार्ट बिजली मीटरों में तकनीकी खामियों के कारण उपभोक्ताओं को अधिक बिजली बिल मिल रहा है, जिससे व्यापारी वर्ग आर्थिक संकट से जूझ रहा है। इसके अलावा नगर पंचायत क्षेत्र में बंदरों का बढ़ता आतंक भी व्यापारियों और आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।
ज्ञापन में नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए। व्यापारियों ने कहा कि नगर में लगे अधिकांश सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिससे चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

इसके साथ ही शमशेर ब्रिज के पास स्थित जर्जर सार्वजनिक शौचालय को हटाकर वहां पार्किंग की व्यवस्था कराने और नए शौचालय के निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि इन समस्याओं का असर व्यापार के साथ-साथ आम जनता पर भी पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
इस दौरान विष्णु जायसवाल, मनोज चौहान, अंकित मद्धेशिया, नवसाद खान, दीपक चौहान, हिमांशु मोदनवाल, सोनू जायसवाल, प्रिंस गुप्ता और मनोज चौरसिया सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।
ज्ञापन उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा और नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव को सौंपा गया।
रिपोर्ट – मोहम्मद तस्लीम







