चन्दौली शहाबगंज बरियारपुर गांव में संचालित अंग्रेजी शराब की दुकान को आगामी 1 अप्रैल से परमंदापुर गांव में स्थानांतरित किए जाने की सूचना मिलते ही मंगलवार को ग्रामीण महिलाओं में भारी आक्रोश फैल गया। दर्जनों की संख्या में महिलाएं प्रस्तावित स्थल के पास एकत्रित हो गईं और जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि किसी भी कीमत पर गांव में शराब की दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। उनका कहना था कि जिस स्थान पर दुकान खोले जाने का प्रस्ताव है, उसके समीप ही आस्था का प्रमुख केंद्र शक्ति माई मंदिर स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा नजदीक ही एक ई-लाइब्रेरी भी संचालित है, जहां छात्र-छात्राएं पढ़ाई करने आते हैं।
महिलाओं ने आशंका जताई कि शराब की दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल खराब होगा और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ेगा। इससे महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो सकता है तथा गांव का सामाजिक वातावरण भी प्रभावित होगा।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया।
पुलिस ने आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद महिलाएं शांत हुईं, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान उषा देवी, सोनिया देवी, तेतरा देवी, संगीता देवी, सावित्री देवी, शिव कुमारी देवी, सुदामी देवी, मंजू देवी, फुलहरा देवी, रिम्पा देवी, मुनिया देवी, आशा देवी, माधुरी देवी, गुड्डू बिंद, बृजेश, श्रीमोहन, मोहन, दसरथ, रामलाल, भुवाल और सुराहु सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी











Users Today : 11
Users This Year : 24850
Total Users : 37443
Views Today : 14
Total views : 73646