सैदूपुर होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। शनिवार को एसडीएम विनय कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी रघुराज तथा थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने पुलिस बल के साथ सैदूपुर कस्बे का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने आमजन से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में होली मनाने की अपील की।
भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया और व्यापारियों से सीधा संवाद स्थापित किया। त्योहार के दौरान बाजार में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए दुकानदारों को पगडंडियों एवं मुख्य मार्गों को खाली छोड़कर दुकान लगाने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के क्रम में प्रशासनिक टीम ने सैदूपुर स्थित देशी शराब की दुकान की भी जांच की। अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन कर उपलब्ध शराब का मिलान किया तथा त्योहारी सीजन में शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी। थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने सेल्समैन को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समय से बाहर बिक्री अथवा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में लाइसेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान आबकारी निरीक्षक शांति चौरसिया भी मौजूद रहीं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि होली के अवसर पर शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। कस्बे में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि लोग निर्भय होकर त्योहार का आनंद ले सकें।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी







