जौनपुर।
शासन की प्राथमिकताओं के तहत आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील बदलापुर में जनता की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान कुँवर अनुपम सिंह (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जौनपुर) तथा जिलाधिकारी जौनपुर ने स्वयं उपस्थित होकर फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं।
तहसील बदलापुर तहसील परिसर में सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने एक-एक आवेदक को सुनते हुए राजस्व, पुलिस, भूमि विवाद, पेंशन, विद्युत, आवास एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं जिलाधिकारी ने राजस्व व विकास कार्यों से संबंधित प्रकरणों में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जिससे फरियादियों के चेहरे पर संतोष दिखाई दिया। प्रशासन ने दोहराया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
जनता ने भी प्रशासन की इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि इसी प्रकार समस्याओं का समाधान आगे भी होता रहेगा।







