वाराणसी।
चौक थाना क्षेत्र के पियरी चौकी अंतर्गत सरकारी ड्यूटी पर तैनात एक बिजली कर्मचारी के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। बकाया बिजली बिल की वसूली और कनेक्शन काटने गई बिजली विभाग की टीम पर स्थानीय युवक ने हमला कर दिया, जिसमें सरकारी लाइटमैन घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग के लाइनमैन जितेंद्र सिंह विभागीय आदेश के तहत क्षेत्र में बकाया बिल न चुकाने वालों के कनेक्शन काटने पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय निवासी आशीष कसेरा से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आशीष कसेरा ने जितेंद्र सिंह के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी, जिससे वह घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। अपने साथी पर हुए हमले से विद्युत कर्मियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। हालात की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अभियंता कुमार सौरभ भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
इधर घायल कर्मचारी और उनके सहयोगियों की तहरीर पर चौक थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और कर्मचारी से मारपीट करने के मामले में आरोपी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि सरकारी ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। घटना के बाद से विद्युत कर्मियों में रोष व्याप्त है और उन्होंने सुरक्षा की मांग भी उठाई है।







