मऊ। जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना में मंगलवार को पूर्व ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख स्वर्गीय अजीत सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि भावुक माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन उनके करीबी मित्र मोहर सिंह के आवास पर किया गया, जहां क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सैकड़ों लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुण्यतिथि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे गोसाईगंज विधायक अभय सिंह ने स्वर्गीय अजीत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस दौरान उन्होंने दो टूक कहा कि “अजीत सिंह की हत्या को पांच साल हो गए, लेकिन जब तक दोषियों को सज़ा नहीं मिलती, यह लड़ाई थमेगी नहीं।” विधायक ने हत्यारों को कड़ी सजा दिलाने की मांग को फिर से मजबूती से उठाया।
विधायक अभय सिंह ने कहा कि लखनऊ में हुई अजीत सिंह की हत्या आज भी न्याय की प्रतीक्षा कर रही है। उन्होंने मोहर सिंह के संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह वे लगातार न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं, वह समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर विधायक अभय सिंह ने सगड़ी की पूर्व विधायक वंदना सिंह और चायल की विधायक पूजा पाल का उदाहरण देते हुए कहा कि इन दोनों ने भी अपने पतियों की हत्या के बाद न्याय के लिए मजबूती से संघर्ष किया और दोषियों को सजा दिलाने की लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि “न्याय भले देर से मिले, लेकिन संघर्ष करने वालों को अंततः जीत मिलती है।”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोहर सिंह ने भावुक स्वर में कहा कि “जब तक सांस है, तब तक अपने मित्र स्वर्गीय अजीत सिंह के लिए न्याय की लड़ाई लड़ता रहूंगा।” उन्होंने उपस्थित लोगों से भी इस संघर्ष में साथ देने की अपील की।
पुण्यतिथि के अवसर पर समाजसेवा का भी संदेश दिया गया। मोहर सिंह और विधायक अभय सिंह के हाथों 151 गरीब व असहाय लोगों को कंबल वितरित किए गए, जिससे कार्यक्रम मानवीय संवेदना और सेवा भाव से भी जुड़ गया।
इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक गुप्ता ‘डायमंड’, विपिन बरनवाल, जय भीम कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समर्थक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में न्याय, स्मृति और समाजसेवा का संदेश प्रमुख रूप से देखने को मिला।







