चंदौली
जिले में लगातार गिरते तापमान और भीषण शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रहित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर, जिला विद्यालय निरीक्षक चंदौली द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जनपद के समस्त शिक्षा बोर्ड से संचालित विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक का पठन-पाठन 10 जनवरी 2026 तक स्थगित कर दिया गया है।
वहीं, कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां सुबह 10:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक संचालित की जाएंगी। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विद्यालय स्तर पर छात्रों को ठंड से बचाव हेतु आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जनपद के सभी प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया है कि वे इस आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को क्षम्य नहीं किया जाएगा।
इस आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, शिक्षा निदेशक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला सूचना अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है।







