भदोही 05 जनवरी, 2026- शासन के मंशानुरूप जनशिकायतो के त्वरित निस्तारण एवं कार्यवाही के दृष्टिगत ‘‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’’ जनपद के सभी तहसीलों में आयोजित किया गया। नववर्ष 2026 में पहला सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील औराई में जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, मुुख्य विकास अधिकारी बाल गोबिन्द शुक्ल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 संतोष कुमार चक, उप जिलाधिकारी औराई श्याममणि त्रिपाठी, तहसील ज्ञानपुर में अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, उप जिलाधिकारी भानसिंह, तहसील भदोही में अपर जिलाधिकारी विजय नारायण सिंह, उप जिलाधिकारी अरुण गिरी, अन्य अधिकारियो द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित होकर फ़रियादियों की समस्याओ को गंभीरता से सुन कर निस्तारण किया गया। इस अवसर पर सभी अधिकारियों द्वारा उपस्थित जनमानस, तहसील के अधिकारियों कर्मचारियों को नववर्ष की बधाई व मंगलकामना देते हुए सुशासन पर बल दिया गया।
सभी तहसीलों में जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम मेें लगायें गये विभिन्न कैम्पो-बाल विकास पुष्टाहार विभाग, आयुष्मान गोल्डेन कार्ड, परिवार नियोजन, समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था पेंशन, महिला कल्याण विभाग द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के उन्ययन हेतु विविध योजना मिशन शक्ति, राजस्व विभाग हेल्प डेस्क, जागरूकता हेतु लगाये गये। तहसील औराई में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण करते हुयें उनके द्वारा लाभार्थियों को दी जाने वाली योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली। तहसील औराई सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित फरियादियों व अधिकारियों व कर्मचारियों को नववर्ष की बधाई व शुभकामना देते हुए
जनमानस को विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित करने पर जोर दिया गया। डीएम व एसपी द्वारा सुनवाई के दौरान फरियादी रावसरोज चकमहोलम पूरेमुडियापुर द्वारा खेत को बुवाई करने से जबरदस्ती रोक रहे विपक्षियों पर कार्यवाही करने हेतु, उमेश कुमार, सुरेश कुमार आदि निवासी दुरासी मनमानी तरीके से किये गये कृषि आवंटन को निरस्त करने के सम्बन्ध में, कमलेश कुमार निवासी पुरेवैदान द्वारा आदेश के कालम से मूल कालम में नाम दर्ज करने के सम्बन्ध के सम्बन्ध में सहित अन्य फरियादियों द्वारा दिये गये आवेदनों पर गम्भीरता से सुनते हुए निस्तारण का निर्देश दिया। दूर-दराज से आये फरियादियों के कुल 48 प्रार्थना पत्रों में से 10 मामलों में त्वरित निस्तारण किये गये, शेष प्रकरण में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम बनाते हुए समय-सीमा में समाधान करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि आज तहसील दिवस में अधिकांश शिकायतें भूमि पैमाइश को लेकर रही जिसके लिए राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौके का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट लगाएंगी तथा प्रभावी क्रियान्वयन करना सुनिश्चित करेंगे। केंद्र व प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनमानस व अंत्योदय तक पहुंचे, इसके लिए सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है।जिलाधिकारी ने कहा कि उप जिलाधिकारी, तहसीलदार व नायब तहसीलदार अपने-अपने कोर्टाे के लंबित मुकदमों का गुणवत्तापरक व ससमय निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि मुकदमे के सुनवाई के लिए आम इंसान व किसान दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी आशा के साथ आते हैं, उनके केसों को जल्द ही डिस्पोजल किया जाए।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि राजस्व संबंधित मामलों में कानूनगो, लेखपाल व पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण,सत्यापन कर एक हफ्ते के अन्दर निस्तारण करने का निर्देश दिया। संयुक्त टीम मौके पर जाकर दोनो पक्षों व गवाहों के साक्ष्य लेते हुए स्पॉट नोट तैयार कर उसपर हस्ताक्षर कराये। उन्होंने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि जो मामले या विवाद बार-बार आ रहे है,उनकी सूची बनाकर पुलिस के साथ मिलकर मामले का निस्तारण करना सुनिश्चित करायें। सम्पूर्ण समाधान दिवस पर तीनों तहसील में उपर्युक्त अधिकारियों द्वारा कुछ फरियादियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करते हुए शेष निस्तारण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।







