शहाबगंज, चंदौली
स्थानीय क्षेत्र की प्रतिभाएं अब सीमित संसाधनों में भी राज्य स्तर पर अपनी चमक बिखेर रही हैं। वाराणसी में आयोजित 18वीं एसएसकेएफ उत्तर प्रदेश कराटे चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले कान्हा फाइट कराटे एकेडमी, सेमरा के आठ होनहार खिलाड़ियों को मंगलवार को एकेडमी परिसर में भव्य समारोह में सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथियों ने पदक विजेताओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर उनका हौसला बढ़ाया। इस ऐतिहासिक सफलता पर पूरा क्षेत्र गौरवान्वित है। एकेडमी के कोच मुकेश सिंह चौहान के कुशल मार्गदर्शन में इन ग्रामीण पृष्ठभूमि के खिलाड़ियों ने यह मुकाम हासिल किया है।

इन्होंने जीते पदक:
चैंपियनशिप में अर्चिता नन्द ने गोल्ड मेडल (स्वर्ण पदक) जीता। वहीं संगीता यादव, काजल पाल, रामअशीष, आदर्श सिंह और इरफान पासवान ने सिल्वर मेडल (रजत पदक) पर कब्जा जमाया। आर्यन सिंह और श्रेयांश ने ब्रॉन्ज मेडल (कांस्य पदक) जीता।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों डॉ. सुरेश सिंह चौहान, रिंकू सोनकर, मेजर, सोनू सिंह, रामकुंवर, रोशन सिंह चौहान, बाबा सिंह चौहान और कुन्दन सिंह चौहान ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस सही मंच और मार्गदर्शन की जरूरत है।
कोच मुकेश सिंह चौहान ने बताया कि एकेडमी में सेमरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को कराटे, मार्शल आर्ट्स और विशेष रूप से बेटियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
रिपोर्ट – मोहम्मद तस्लीम







