वाराणसी, 15 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कबीरचौरा स्थित सरोजा पैलेस में आयोजित स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह में सफाईकर्मियों का सम्मान कर उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता मित्रों पर पुष्पवर्षा की, उन्हें भोजन परोसा और मंच से 10 स्वच्छता मित्रों को अंगवस्त्र व उपहार देकर सम्मानित किया।
सीएम योगी ने कहा कि स्वच्छता कर्मी समाज की नींव के पत्थर हैं। वे सर्दी, गर्मी, बरसात, आंधी-तूफान और त्योहारों में भी सड़कों पर उतरकर शहर को स्वच्छ रखते हैं। प्रयागराज महाकुंभ में 66 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन के बावजूद स्वच्छता व्यवस्था की प्रशंसा हुई, जिसमें स्वच्छता मित्रों की अहम भूमिका रही।
मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि स्वच्छता कर्मियों के मानदेय में कटौती करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने न्यूनतम 16 हजार रुपये मानदेय, ईएसआई के तहत उपचार, सुरक्षा बीमा और पीएफ जैसी सुविधाओं पर जोर दिया।

काशी के बदलाव का किया जिक्र
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी का कायाकल्प हुआ है। कभी गंदगी, जाम और बदहाल व्यवस्थाओं से जूझने वाली काशी आज अपनी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए नई पहचान बना रही है। उन्होंने नागरिकों से सरकारी निर्माण कार्यों की सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
जनप्रतिनिधियों को भी दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकप्रिय जनप्रतिनिधि वही है, जिसकी पहुंच हर घर तक हो। जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच रहकर जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना चाहिए। उन्होंने वार्ड प्रवास एवं स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को आवश्यक बताया।
इस अवसर पर वाराणसी दक्षिण के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
सम्मानित स्वच्छता मित्र: वसीम, रोहित रावत, राजकुमार, पूर्णमासी, आशुतोष, दिनेश, सुनील, रेखा, अल्पना और चिंता देवी।







