लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोकभवन में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आत्मकथा का विमोचन किया। इस मौके पर सीएम योगी ने पूर्व राष्ट्रपति के जीवन और संघर्ष की जमकर सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनाथ कोविंद की आत्मकथा बताती है कि उन्होंने अभावों को अपनी ढाल नहीं बनाया, बल्कि संघर्ष और पुरुषार्थ का रास्ता चुना।
सीएम योगी ने कहा, “बड़ा वह होता है जिसमें संघर्षों से लड़ने की क्षमता होती है। सम-विषम परिस्थितियों से जूझने की क्षमता होती है। यही वह जज्बा था जिसने रामनाथ कोविंद जी को महानता के शिखर पर पहुंचाया और पांच वर्ष तक देश के राष्ट्रपति पद को सुशोभित किया।”
उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति ने अपने नाम के अनुरूप ही अपनी जन्मभूमि से अनुराग बनाए रखा। हर भारतीय को यह सीख लेनी चाहिए कि वह कितने भी बड़े पद पर पहुंच जाए, पर अपनी जन्मभूमि से स्नेह बनाए रखे।







