मिशन शक्ति फेज-6 के तहत कम्पोजिट विद्यालय मुहकुचवा में नुक्कड़ नाटक, गीत एवं रैली के माध्यम से दिया महिला सुरक्षा एवं बाल अधिकारों का संदेश

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

मीरजापुर 12 अक्टूबर 2026- महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-6 के अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय मुहकुचवा, नगर, जनपद मिर्जापुर में भव्य जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बालिका अधिकारों, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण एवं सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के लिए नुक्कड़ नाटक, जागरूकता गीत तथा भव्य रैली का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक एवं गीतों के माध्यम से बालिकाओं के अधिकारों, महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न, यौन हिंसा, घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा तथा अन्य सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध प्रभावशाली संदेश दिया। जागरूकता रैली में बच्चों ने हेल्पलाइन नंबरों एवं बाल अधिकारों से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियों के साथ प्रतिभाग कर आमजन को महिला सुरक्षा, बालिका शिक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी चुनार गायत्री यादव, निरीक्षक अमृता सिंह, उपनिरीक्षक लक्ष्मी यादव, उपनिरीक्षक सविता सरोज, महिला कल्याण विभाग से जिला मिशन को ऑर्डिनेटर मंजू यादव, हेड कांस्टेबल सीमा यादव, हेड कांस्टेबल शिव कुमारी, कांस्टेबल पिंकी जायसवाल एवं कांस्टेबल कविता पाल, कांस्टेबल, रिंकी यादव सहित पुलिस विभाग एवं महिला कल्याण विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

सभी अधिकारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में क्षेत्राधिकारी चुनार गायत्री यादव ने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार, घरेलू हिंसा अथवा असुरक्षित स्पर्श जैसी परिस्थितियों में बच्चे चुप न रहें,

बल्कि अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचित करें। उन्होंने विभिन्न महिला एवं बाल सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बच्चों को आवश्यकता पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इसी क्रम में जिला मिशन कोऑर्डिनेटर मंजू यादव ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित महिला एवं बाल कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों को समझने तथा जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को कैप एवं बैज प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला नोडल बालिका शिक्षा रचना पाठक, द्वारा किया गया। उनके मार्गदर्शन एवं समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा महिला एवं बालिका सुरक्षा का संदेश समाज तक पहुँचाया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नमिता सिंह, मधु चौबे, शिवानी सिंह, अर्चना सिंह, रविंद्र दूबे, राजेश शर्मा, शालिनी, मोहिनी, अनीता, नेहा सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-6 के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास, जागरूकता एवं सुरक्षा की भावना विकसित करने तथा समाज में महिलाओं के प्रति सम्मानपूर्ण दृष्टिकोण स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना शासन-प्रशासन, विद्यालय, परिवार एवं समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

रिपोर्ट भोलानाथ यादव

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई