सीतामढ़ी
सीतामढ़ी महर्षि वाल्मीकि गंगा घाट पर पितृ विसर्जन के बाद घाट परिसर में फैला कचरा अभी तक साफ नहीं किया गया है। शारदीय नवरात्र के अवसर पर रविवार को सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्रती महिलाएं गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंचीं, लेकिन घाट पर जगह-जगह फैले कचरे के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा
घाट की स्थिति को देखकर श्रद्धालुओं में नाराजगी भी देखने को मिली। गंगा स्नान के लिए आने वाले लोगों को कचरे के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। घाट के किनारे प्लास्टिक की थैलियां, कपड़े और अन्य पूजा सामग्री सहित कचरा बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि पितृ विसर्जन के बाद घाट की सफाई तत्काल कराई जानी चाहिए थी, ताकि नवरात्रि के दौरान गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
श्रद्धालुओं ने संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि सीतामढ़ी महर्षि वाल्मीकि गंगा घाट की तत्काल सफाई कराई जाए और घाट पर नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गंगा घाट धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, ऐसे में इसकी स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।







