मीरजापुर, 29 सितंबर। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर योगेन्द्र सिंह के साथ पुलिस परिसर स्थित माँ विन्ध्यवासिनी सभागार में जनपद के सर्राफा व्यवसायियों एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में व्यापारी वर्ग से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली गई तथा निराकरण हेतु हर संभव सहयोग एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
व्यापारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रतिष्ठानों एवं दुकानों पर उच्च गुणवत्ता वाले निगरानी यंत्र स्थापित कराने, यंत्रों की नियमित देखरेख तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की गई।
साथ ही व्यापारी वर्ग को साइबर अपराध एवं साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए जाल माध्यम से धन के आदान-प्रदान में विशेष सावधानी बरतने, संदिग्ध कड़ी, दूरभाष वार्ता अथवा संदेश से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
किसी भी प्रकार की धन संबंधी ठगी होने पर बिना विलंब स्थानीय पुलिस को सूचित करने अथवा सहायता संख्या 1930 पर वार्ता कर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया, जिससे शीघ्र कार्रवाई करते हुए धनराशि की सुरक्षा एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।







