वाराणसी;
वाराणसी कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने मंगलवार को रामनगर क्षेत्र में जनसंपर्क, जनसुनवाई और जनसेवा शिविर के माध्यम से लोगों से सीधा संवाद किया।
उन्होंने सीतापुरी कॉलोनी में घर-घर पहुंचकर लोगों का हालचाल जाना, श्यामा उपवन में जनसुनवाई कर समस्याएं सुनीं तथा ग्राम सभा भीटी में ‘सेवा और संकल्प’ अभियान के अंतर्गत आयोजित जनसेवा शिविर का शुभारंभ किया।
सीतापुरी कॉलोनी में नवीन स्कूल के पास से विधायक ने जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और कई स्थानों पर लोगों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं जानीं।

स्थानीय नागरिकों ने मतदाता सूची में नाम दर्ज न होने, इंटरलॉकिंग सड़क, नाली और जल निकासी से जुड़ी समस्याएं विधायक के सामने रखीं। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने तथा सड़क एवं जल निकासी से जुड़ी समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार संदीप श्रीवास्तव ने विधायक का रुद्राक्ष की माला भेंट कर स्वागत किया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए स्वागत से वातावरण भक्तिमय हो गया।
इसके बाद विधायक ने रामनगर स्थित श्यामा उपवन में जनसुनवाई की। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और आवास के लंबित भुगतान से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे। विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनने के साथ संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर पात्र लाभार्थियों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
इसी दौरान बघेली टोला स्थित नई बस्ती की दलित बस्ती से मंजू सिंह के नेतृत्व में स्थानीय लोग भूमि विवाद की समस्या लेकर पहुंचे। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मौके पर उपलब्ध बंजर एवं अन्य भूमि का पहले सीमांकन और पैमाइश कर स्थिति स्पष्ट की जाए। इसके बाद ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे ‘सेवा और संकल्प’ अभियान के अंतर्गत ग्राम सभा भीटी में आयोजित जनसेवा शिविर का विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का उद्घाटन किया।
शिविर में जल निगम, स्वास्थ्य, विद्युत, खाद्य एवं रसद तथा चिकित्सा विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
विधायक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि शिविर में आने वाले ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाने की प्रक्रिया सरल और सुगम बनाई जाए।
विधायक ने कहा कि की ग्राम सभा जिला में अब तक मेरे द्वारा 8 करोड़ से ज्यादा का बजट आ चुका है। विधायक ने कहा कि जनसंपर्क और जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सीधे समझना तथा जनसेवा शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही न हो और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले।
कार्यक्रमों में डॉ. रीना सोनकर, संतोष द्विवेदी, सृजन श्रीवास्तव, रितेश राय, कुलदीप सेठ, आलोक सिंह, संजय सोनकर, जितेंद्र सिंह, अनुराग श्रीवास्तव, दिव्यांश केसरी, गोविंद मौर्य, स्वयं श्रीवास्तव, कृष्ण गुप्ता सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।







