डेढ़ महीने से जलजमाव, वार्ड नंबर-3 के लोग परेशान टूटी नाली और पानी निकासी नहीं होने से बढ़ी मुश्किलें, स्कूल जाने वाले बच्चे और बुजुर्ग भी प्रभावित; डीएम से स्थायी समाधान की मांग

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। नक्षत्र लॉन के पीछे वार्ड नंबर-3, सिद्धार्थ कॉन्वेंट स्कूल के पास पिछले करीब डेढ़ महीने से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। सड़क पर पानी जमा रहने से स्थानीय लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।

लोगों का आरोप है कि जलजमाव और गंदगी के कारण मच्छर पनप रहे हैं, जिससे डेंगू समेत अन्य बीमारियों का खतरा बना हुआ है। समस्या से परेशान लोगों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन कर नगर पालिका और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

स्थानीय निवासी रामनाथ शर्मा ने बताया कि सड़क का निर्माण वर्ष 2008 में हुआ था। इसके बाद से सड़क और जलनिकासी व्यवस्था की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। पिछले डेढ़ महीने से लगातार जलजमाव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि सभासद, चेयरमैन और जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला।

सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि मोहल्ले में बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। जलजमाव के कारण बच्चे, बुजुर्ग और अन्य लोग परेशान हैं। उनका कहना है कि कई जगह नाला तोड़ दिए जाने और अवरुद्ध होने से पानी की निकासी और भी प्रभावित हुई है। लोगों ने बताया कि जलभराव के बीच सांप, बिच्छू और अन्य जीव निकलने से भी खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सिद्धार्थ स्कूल के पास होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों को होती है। पानी और फिसलन के चलते कई बच्चे गिरकर चोटिल हो चुके हैं। बुजुर्गों और बीमार लोगों को भी अस्पताल या जरूरी काम से बाहर निकलने में कठिनाई हो रही है।

रामवृक्ष राम ने बताया कि नगर पालिका में कई बार लिखित शिकायत देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने सड़क को ऊंचा कर जलनिकासी के लिए नाली का निर्माण कराने की मांग की। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नाली निर्माण के लिए स्वीकृत धनराशि के बावजूद काम अधूरा है और हाल में नाली को तोड़े जाने से आवागमन और कठिन हो गया है

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने जिलाधिकारी से मामले कास्थलीय निरीक्षण कराकर सड़क, नाली और जलनिकासी की समस्या का जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की। लोगों ने कहा कि जलजमाव की समस्या से निजात नहीं मिली तो बीमारी और दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहेगा।

चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में जिन स्थानों पर इस बार भारी जलजमाव की समस्या सामने आई है, उन्हें चिन्हित कर लिया गया है। मच्छटला क्षेत्र के पीछे भी लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी, जिससे स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों को काफी परेशानी हो रही थी।

वार्ड नंबर-9, वार्ड नंबर-16 (कयामू वाला) सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों को नगर पालिका की आगामी कार्ययोजना में शामिल किया गया है। इन स्थानों पर सड़क को ऊंचा कराने के साथ जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाएगी। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके और लोगों को राहत मिले।

विरोध प्रदर्शन में संतोष तिवारी, संजय सिंह, भजन शर्मा, सुशील सेठ, रविंद्र शर्मा, सूरज तिवारी, वीरेंद्र गोंड, शकुंतला गोंड, रमाकांत मिश्रा, किशन तिवारी, शांतनु तिवारी, चंद्रप्रकाश तिवारी, शीला देवी, तारा देवी, मंजू देवी, शोभा देवी, सुनीता सिंह, गोलू, सुनील पांडेय, रामाज्ञा शर्मा, रामवृक्ष राम, राजेश शर्मा, विक्की सिंह, गोलू सिंह और मोनू पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

 

रिपोर्ट – आलिम हाशमी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत थाना जंसा पुलिस द्वारा परिवार परामर्श केंद्र से लाभान्वित परिवारों को सम्मानित करने एवं छात्राओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के संबंध में।