सकलडीहा (चंदौली)
विकास खंड सकलडीहा अंतर्गत पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय तेनुवट के प्रांगण में शिक्षक दिवस का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रधानाध्यापक फाफ़ा साहब भारती ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं उपस्थित शिक्षक गणों द्वारा भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति, द्वितीय राष्ट्रपति व महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैल चित्र पर माल्यार्पण, पुष्प अर्पित और दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस दौरान उपस्थित समस्त स्टाफ ने उनके चित्र पर पुष्प चढ़ाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। सभा को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक फाफ़ा साहब भारती ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए सुधार और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। एक शिक्षक राष्ट्र का निर्माता होता है, इसलिए हमारा कर्तव्य है कि हम बच्चों को न सिर्फ किताबी ज्ञान दें, बल्कि उन्हें एक आदर्श नागरिक भी बनाएं।
इस मौके पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी अपने गुरुओं के सम्मान में कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और शिक्षकों को उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक ने सभी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं, अनुदेशक, शिक्षा मित्र और भारी संख्या में छात्र-छातएं उपस्थित रहे।







