वाराणसी के सामनेघाट क्षेत्र में भगवानपुर से लेकर लंका तक आए दिन लगने वाले भीषण जाम से आम नागरिक बेहद परेशान हैं। सुबह हो या शाम, इस मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लग रहा है।
सबसे गंभीर बात यह है कि इस जाम का असर मरीजों, एंबुलेंस, स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और स्थानीय व्यापारियों पर पड़ रहा है। सामनेघाट–लंका मार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है और अव्यवस्थित वाहन संचालन तथा सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से समस्या और गंभीर हो जाती है। इस क्षेत्र में जाम की वजह से एंबुलेंस तक प्रभावित होने की खबरें सामने आती रही हैं।
स्थानीय नागरिक द्वारा प्रशासन और यातायात विभाग से आग्रह है कि भगवानपुर से सामनेघाट, नगवा और लंका तक पूरे मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कराकर स्थायी ट्रैफिक प्लान बनाया जाए। अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात बाधित करने वाले वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई हो तथा पीक आवर्स में पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए।
आम जनता कोई विशेष सुविधा नहीं मांग रही है, वह सिर्फ इतना चाहती है कि उसे रोज-रोज के जाम से राहत मिले और सड़क पर सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो।
प्रशासन से मांग है—भगवानपुर से लंका तक जाम की समस्या का स्थायी समाधान जल्द से जल्द किया जाए।







