इलिया (चंदौली)
शासन के निर्देश पर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत बुधवार को इलिया थाना क्षेत्र के मौजा इलिया स्थित आराजी संख्या 518 में बने अमृत सरोवर की भूमि पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से बनाई गई बाउंड्रीवाल, पिलर तथा अन्य निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
जानकारी के अनुसार, अमृत सरोवर की भूमि पर अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग ने जांच कर कार्रवाई की योजना बनाई थी। बुधवार को नायब तहसीलदार आरिफ अंसारी एवं नायब तहसीलदार आलोक निषाद के नेतृत्व में राजस्व विभाग, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की निगरानी में बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जा हटाया गया और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलिया थाना प्रभारी चंदन राय के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पूरे अभियान के दौरान शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम रही। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे और प्रशासन की कार्रवाई को देखते रहे।
अधिकारियों ने बताया कि अमृत सरोवर सहित अन्य सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई पूरी होने के बाद राजस्व विभाग ने भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर अपने कब्जे में ले लिया।
इस अभियान में नायब तहसीलदार आरिफ अंसारी, नायब तहसीलदार आलोक निषाद, इलिया थाना प्रभारी चंदन राय सहित राजस्व विभाग एवं पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।










Users Today : 10
Users This Year : 24689
Total Users : 37282
Views Today : 18
Total views : 73326