चहनियां
जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शनिवार को थाना बलुआ क्षेत्र स्थित नवनिर्मित जल पुलिस चौकी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौकी की व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों और जीवन रक्षक उपकरणों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर होने वाली डूबने की घटनाओं और अन्य दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जल पुलिस को नियमित नाव पेट्रोलिंग करने, गहरे पानी वाले क्षेत्रों की सतत निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने, फ्लोटिंग बैरिकेडिंग एवं जाल की व्यवस्था करने, प्रशिक्षित गोताखोरों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखने तथा लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय रिंग सहित सभी जीवन रक्षक उपकरणों को हर समय कार्यशील स्थिति में रखने पर विशेष जोर दिया।
एसपी ने घाटों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार जागरूक करने और गहरे पानी में जाने से बचने की अपील प्रसारित कराने के भी निर्देश दिए। कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर, थाना प्रभारी बलुआ अरुण कुमार सिंह,एसआई अनन्त भार्गव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।











Users Today : 29
Users This Year : 24718
Total Users : 37311
Views Today : 107
Total views : 73438