शहाबगंज (चंदौली)
क्षेत्र के ठेकहाँ गांव में रविवार को लेफ्ट कर्णवती नहर पर समाजवादी पार्टी सांसद निधि से निर्मित छठ घाट का रॉबर्ट्सगंज सांसद छोटेलाल सिंह खरवार ने फीता काटकर लोकार्पण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, आस्था और प्रकृति के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि छठ घाट के निर्माण से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी तथा पर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से मनाया जा सकेगा।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान सांसद छोटेलाल सिंह खरवार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्य उनकी प्राथमिकता में हैं। उन्होंने कहा कि जहां जिस प्रकार की आवश्यकता है, वहां उसी अनुरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं और आगे भी क्षेत्र के विकास की गति जारी रहेगी।

सांसद ने कहा कि जनता के सहयोग और आशीर्वाद से क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल से जुड़े विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
एक प्रश्न के उत्तर में सांसद ने अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े चोरी प्रकरण पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने मंदिरों की सुरक्षा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी राजनीतिक टिप्पणी की।
कार्यक्रम के बाद सांसद ठेकहाँ गांव के प्रधान सजाउद्दीन के आवास पर पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। सांसद ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रधान सजाउद्दीन, मुस्ताक खां, सुधाकर कुशवाहा, टोनी खरवार, तनवीर खां, दशरथ सोनकर, अजय गुप्ता, दिलीप पासवान, मुन्ना यादव, लल्लू डॉक्टर, शेर अली, मुर्तुजा, इरफान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







