वाराणसी।
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में पुलिस चौकी के ठीक बाहर एक युवक पर हुए कथित जानलेवा हमले से इलाके में हड़कंप मच गया। घायल युवक किशन साहनी ने भाजपा के मनोनीत पार्षद सत्यनारायण साहनी उर्फ तन्ना साहनी के करीबियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 10 से 12 लोगों ने उसे घेरकर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित किशन साहनी के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक दिन पहले हुई थी, जब कुछ लोगों ने उसके एक ग्राहक को जबरन रोक लिया था। किशन का आरोप है कि अगले दिन भी जब वही घटना दोहराई गई तो उसने इसका विरोध किया, जिसके बाद मामला बढ़ गया।
किशन का कहना है कि वह शिकायत दर्ज कराने पुलिस चौकी पहुंचने वाला था। इसी बीच उसके पिता को भी थाने बुलाकर बैठा लिया गया। डर और तनाव के कारण वह पहले चौकी जाने से बचता रहा, लेकिन जब बाद में चौकी के पास पहुंचा तो गली में पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उस पर हमला कर दिया।
हमले में किशन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गहरी चोट आई और काफी खून बहने के बाद इलाज के दौरान सिर पर पट्टी बांधी गई। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसकी सोने की चेन भी गायब हो गई।
घायल युवक ने प्रशासन और पुलिस से न्याय की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपील की है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।











Users Today : 28
Users This Year : 24717
Total Users : 37310
Views Today : 106
Total views : 73437