चन्दौली।
चकिया थाना क्षेत्र के जोगिया कला गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में गांव के ही निवासी सुनील यादव उर्फ कवि को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक बेचई उर्फ बृजेश यादव (34) की पत्नी और आरोपी सुनील यादव के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। इसी अवैध संबंध को लेकर बृजेश और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। कुछ दिन पहले हुए झगड़े के बाद पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई थी।
पत्नी के मायके जाने के बाद बृजेश गांव में आरोपी और अपनी पत्नी के संबंधों का खुलकर विरोध करने लगा था। वहीं आरोपी सुनील आगामी प्रधानी चुनाव की तैयारी में जुटा था। उसे आशंका थी कि इस मामले से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा और चुनावी छवि को नुकसान पहुंचेगा। इसी वजह से उसने बृजेश को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
पुलिस के अनुसार, घटना से पहले आरोपी सोनभद्र के अहरौरा क्षेत्र से नई कुल्हाड़ी खरीदकर लाया था। 5 और 6 जून की दरमियानी रात वह बृजेश के घर पहुंचा। उस समय बृजेश घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। आरोपी ने पहले उसके मुंह में गमछा ठूंस दिया ताकि वह शोर न मचा सके और फिर गर्दन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को अपने खेत में छिपाकर घर लौट गया। पुलिस टीम लगातार जांच और साक्ष्य जुटाने में लगी रही। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मोकरम बंधी के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
चकिया पुलिस की तत्परता और सटीक विवेचना के चलते इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा संभव हो सका। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, चौकी प्रभारी शिकारगंज अमित कुमार मिश्रा, चौकी प्रभारी सैदूपुर अनिल कुमार पांडेय सहित पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











Users Today : 29
Users This Year : 24718
Total Users : 37311
Views Today : 107
Total views : 73438