पीडीडीयू/चंदौली
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा प्रकृति के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने अपने रेल आवास परिसर में अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण हमारे जीवन का आधार है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
इससे पूर्व पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या 3/4 पर मुख्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों, कार्मिक विभाग के सेवानिवृत्त रेलकर्मियों तथा स्काउट एवं गाइड के बच्चों ने अपनी सशक्त प्रस्तुतियों के माध्यम से यात्रियों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने कहा कि “एक पेड़ लगाकर हम न केवल अपने वर्तमान को संवारते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को एक स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण उपहार में दे सकते हैं।” उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्लास्टिक का बढ़ता उपयोग पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में हमें पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में जूट के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग को न्यूनतम करने की अपील की।
उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस प्रकार हम अपनी माता का सम्मान, संरक्षण एवं देखभाल करते हैं, उसी प्रकार वृक्षों के संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी भी हम सभी की है। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान यात्रियों एवं आमजन के बीच जूट के थैले वितरित किए गए तथा उन्हें सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर पर्यावरण जागरूकता अभियान में सक्रिय योगदान देने वाली विभिन्न टीमों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही 15 मई से 05 जून 2026 तक मंडल में संचालित विशेष पर्यावरण जागरूकता अभियान ‘मिशन लाइफ’ के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को मेडल, शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मंडल के पर्यावरण एवं गृह प्रबंधन विभाग (यांत्रिक विभाग) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक कुलदीप, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) सूरज कुमार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता नितिन कुमार सहित मंडल के सभी शाखा अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के निर्देशक विजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में संजय शर्मा, प्रमोद अग्रहरि, निक्की गुप्ता, देवेश कुमार एवं अंजु चौहान ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में रेलकर्मी, स्काउट एवं गाइड सदस्य, सफाई मित्र तथा यात्री भी उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों जैसे सासाराम, गया जंक्शन, डेहरी ऑन सोन एवं अनुग्रह नारायण रोड सहित विभिन्न स्टेशनों पर भी पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें स्थानीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, हरित जीवनशैली तथा प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित किया गया।







