चकिया, चंदौली:
जिले के चकिया तहसील क्षेत्र स्थित खरौझा गांव में हनुमान मंदिर सेवा समिति द्वारा आयोजित नौ दिवसीय संगीतमय श्री राम कथा में शनिवार को सामाजिक सौहार्द की अनूठी मिसाल देखने को मिली। कथा के सातवें दिन राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल मवैया की निर्देशक परवीन रुस्तम कथा श्रवण करने पहुंचीं।
परवीन रुस्तम ने व्यास पीठ पर विराजमान कथावाचिका शालिनी त्रिपाठी को भगवान श्रीराम का स्मृति चिन्ह भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर व्यास पीठ से कथावाचिका ने भी परवीन रुस्तम को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
मुस्लिम महिला के राम कथा में पहुंचने पर पूरा पंडाल एकता की भावना से गूंज उठा। कथावाचिका शालिनी त्रिपाठी ने परवीन रुस्तम के इस प्रेम और सम्मान की सराहना की।
इस मौके पर परवीन रुस्तम ने कहा, “भारत की पहचान ही आपसी भाईचारे और सभी धर्मों के सम्मान से है। श्री राम कथा हमें मर्यादा, प्रेम और सद्भाव का संदेश देती है। यहां आकर जो आत्मिक शांति मिली, वह शब्दों में बयां नहीं कर सकती। सभी धर्मों के त्योहार मिलजुल कर मनाने से ही हमारा देश मजबूत होता है।”
बताया जाता है कि परवीन रुस्तम हमेशा से धार्मिक भावनाओं से जुड़ी रही हैं। उनके घर में हिंदुओं के सभी पर्व जैसे छठ, होली, नवरात्र और दीपावली बड़े धूमधाम से मनाए जाते हैं, जिससे उनके घरों में उत्सव जैसा माहौल रहता है।
राम कथा में उनकी उपस्थिति ने क्षेत्र में आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की एक उत्कृष्ट मिसाल पेश की है।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी







