दिनांक 02.03.2026 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में परंपरागत विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया गया तथा समस्त जनपदवासियों को रंगों के पावन पर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि होली आपसी प्रेम, सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक पर्व है, जिसे सभी को शांति, सद्भाव एवं कानून-व्यवस्था का पालन करते हुए मनाना चाहिए।
पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि होली के दृष्टिगत कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा सतत गश्त की प्रभावी व्यवस्था लागू है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस हेल्पलाइन से संपर्क करने हेतु नागरिकों को जागरूक किया गया। अंत में उन्होंने सभी जनपदवासियों के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय होली की कामना की।
रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला







