चंदौली शहाबगंज विकासखंड के ईसापुर कला गांव में हाईटेंशन तार से उठी चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया। इस घटना में सबरू राम का मड़ईनुमा घर पूरी तरह जलकर राख हो गया।
अग्निकांड में परिवार की नई इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी, दो चौकी, दो चारपाई, बिस्तर, कपड़े और गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
सबरू राम का परिवार पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर था। इस हादसे से उन्हें भारी नुकसान हुआ है, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि यह घटना बिजली विभाग की घोर लापरवाही का परिणाम है। गांव के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार लंबे समय से जर्जर हालत में थे, जिसकी सूचना कई बार विभाग को दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला सचिव एवं सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और प्रशासन से बिजली विभाग की लापरवाही की जांच कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।
दिनेश यादव ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि वे इस विपत्ति से उबर सकें। बसपा कार्यकर्ता बेचन राम ने भी पीड़ित परिवार के लिए सहायता की मांग की है।









Users Today : 1
Users This Year : 24775
Total Users : 37368
Views Today : 1
Total views : 73530