चन्दौली सैयदराजा
लोक आस्था के पावन पर्व छठ पूजा को भव्य, दिव्य और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर पंचायत प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पर्व से पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों और नगर पंचायत के जन प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम ने नगर पंचायत के सरोवर के सभी छठ घाटों के चारों ओर पैदल घूमकर तैयारियों का गहन निरीक्षण किया। घाटों पर इस बार दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना को देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन की ओर से ऐतिहासिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बिक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी सदर नामेंद्र रावत, उप जिलाधिकारी सदर,सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश जायसवाल, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार, अंकित जायसवाल व राहुल जायसवाल सहित नगर पंचायत के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे।नगर पंचायत अध्यक्ष आभा जायसवाल एवं अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
हाई-टेक सुरक्षा और ड्रोन निगरानी=
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरे परिसर में विशेष सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और ड्रोन कैमरे से चारों तरफ से पैनी नजर रखी जाएगी। गहरे पानी में किसी को जाने से रोकने के लिए तालाब के चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग कर दी गई है तथा आपात स्थिति के लिए प्रशिक्षित गोताखोर तैनात रहेंगे।
महिलाओं के लिए विशेष चेंजिंग रूम:
व्रती महिलाओं की सुविधा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए घाट परिसर में वस्त्र बदलने के लिए अलग से सुरक्षित चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जा रही है।
भव्य प्रतिमा और बड़ी एलईडी स्क्रीन:
इस वर्ष नगर पंचायत स्थित सरोवर पर भगवान सूर्य देव और छठ माता की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट पर एक बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएगी।
हरियाली, प्राकृतिक फूलों के द्वार और आकर्षक लाइटिंग:
घाटों पर लगे हरे-भरे पेड़ और रंग-बिरंगे फूल-पौधे पूरे परिसर की सुंदरता में चार चांद लगा रहे हैं। नगर पंचायत के दोनों मुख्य गेटों पर प्राकृतिक फूल-मालाओं से भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे और पूरे घाट परिसर को रंग-बिरंगी लाइटिंग, झालर व मोतियों से सजाया जा रहा है।
विशेष सफाई और टोकन वितरण:
सफाई कर्मचारियों द्वारा घाटों की सीढ़ियों की काई साफ कर दी गई है और चारों तरफ रंगाई-पुताई का कार्य पूर्ण हो चुका है। व्यवस्था बनाए रखने के लिए घाटों पर टोकन वितरण भी शुरू हो गया है।
निःशुल्क पूजन सामग्री और जलपान: नगर पंचायत की ओर से व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए आम की पत्ती, दातुन, दूध, पान और कॉफी की निःशुल्क व्यवस्था रहेगी।
गायत्री परिवार व साईं बाबा परिवार के सेवा टेंट:
श्रद्धालुओं की सेवा और सहायता के लिए घाट परिसर में गायत्री परिवार की तरफ से विशेष टेंट लगाया जाएगा। इसके साथ ही साईं बाबा परिवार की ओर से भी श्रद्धालुओं के लिए भव्य टेंट और सेवा शिविर की व्यवस्था की जाएगी।
निःशुल्क मेडिकल कैंप:
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नवयुवक जन सेवा समिति व दवा विक्रेता समिति सैयदराजा के संयुक्त तत्वावधान में घाट पर मेडिकल कैंप लगाया जाएगा।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी







