दिल्ली के 1 सफदरजंग रोड पर एक ऐसा झगड़ा हुआ, जो अगले दिन सभी अखबारों की हेडलाइन बन गया;

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

29 मार्च 1982 की शाम। दिल्ली के 1 सफदरजंग रोड पर एक ऐसा झगड़ा हुआ, जो अगले दिन सभी अखबारों की हेडलाइन बन गया। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी बहू मेनका गांधी को घर छोड़ने के लिए कह दिया। मेनका उस वक्त सिर्फ 26 साल की थीं। उनके साथ दो साल का बेटा वरुण भी था। वो अपना सामान लेकर घर से निकल गईं। और रात एक होटल में बिताई।

मेनका ने अगले दिन पत्रकारों से कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर उन्हें घर से क्यों निकाला गया। उन्होंने कहा, ‘मैंने ऐसा क्या किया है कि मुझे घर से निकाल दिया गया?” उन्होंने यह भी कहा कि अगर इंदिरा गांधी उन्हें वापस बुलाती हैं तो वह लौटने को तैयार हैं। लेकिन इस पारिवारिक झगड़े के पीछे सिर्फ घरेलू अनबन नहीं थी। असली कहानी संजय गांधी की मौत के बाद शुरू हुई थी।

संजय गांधी की शादी 1974 में मेनका आनंद से हुई थी। मेनका उस वक्त महज 18 साल की थीं। मेनका गांधी परिवार का हिस्सा बनने से पहले मॉडलिंग कर रही थीं। वो तौलियों और गद्दों के विज्ञापन में नजर आ चुकी थीं। संजय गांधी ने उन्हें इसी दौर में देखा था। मेनका एक खूबसूरत और महत्वाकांक्षी युवती थीं।

संजय से उनकी मुलाकात एक पारिवारिक समारोह में हुई। दोनों के बीच शुरुआती दोस्ती हुई, जो जल्द ही शादी के रिश्ते में तब्दील हो गई। वह गांधी परिवार की छोटी बहू बनकर 1 सफदरजंग रोड पहुंचीं। यह सिर्फ एक राजनीतिक परिवार का घर नहीं था। देश की सत्ता का बड़ा केंद्र भी था।

मेनका जल्द ही संजय की राजनीतिक जिंदगी का हिस्सा बन गईं। वह उनके कार्यक्रमों में जाती थीं। उनके समर्थकों से मिलती थीं। इमरजेंसी के दौरान संजय की राजनीति का प्रभाव काफी बढ़ गया था। उस समय उनकी मां इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री थीं। और संजय को परिवार के भीतर उनका राजनीतिक उत्तराधिकारी माना जाने लगा था।

लेकिन 23 जून 1980 को एक विमान हादसे में संजय गांधी की मौत हो गई। वह दिल्ली में अपना छोटा विमान उड़ा रहे थे। हादसे के वक्त उनकी उम्र सिर्फ 33 साल थी। मेनका 23 साल की थीं। और उनका बेटा वरुण अभी तीन महीने का था। अचानक उनकी जिंदगी का पूरा रुख बदल गया। पति चला गया। और वह एक ऐसे परिवार में अकेली रह गईं, जहां हर रिश्ते के साथ राजनीति भी जुड़ी हुई थी।

संजय की मौत के बाद सबसे बड़ा सवाल था कि अब उनकी राजनीतिक विरासत कौन संभालेगा?

संजय के समर्थकों का एक बड़ा हिस्सा चाहता था कि मेनका आगे आएं। उन्हें लगता था कि संजय के नाम और विचारों को आगे बढ़ाने का अधिकार उनकी पत्नी को होना चाहिए। दूसरी तरफ इंदिरा गांधी के सामने अपने बड़े बेटे राजीव गांधी का विकल्प था। राजीव उस समय राजनीति से दूर थे और इंडियन एयरलाइंस में पायलट थे। इंदिरा चाहती थीं कि वह धीरे-धीरे राजनीति में आएं।

यहीं से मेनका और इंदिरा के बीच तनाव बढ़ने लगा।

सोनिया गांधी ने अपनी हालिया किताब Belonging: A Journey of Love में लिखा है कि इंदिरा चाहती थीं कि मेनका पहले अपने छोटे बच्चे की देखभाल करें। राजनीति में आने के लिए उनके पास आगे भी समय था। सोनिया के मुताबिक, इंदिरा को मेनका का बढ़ता राजनीतिक प्रभाव भी पसंद नहीं था। वहीं, मेनका और उनके समर्थक सब्र धरने को तैयार नहीं थे। क्योंकि सियासत में बाजी कभी पलट सकती है।

इस तनाव के बीच एक और विवाद हुआ। मेनका और उनकी मां अमतेश्वर आनंद ने इमरजेंसी के दौरान एक मैगजीन शुरू की थी, ‘सूर्या’। संजय गांधी के रहते इस पत्रिका की काफी सियासी अहमियत थी। यह गांधी परिवार के राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ प्रचार का एक माध्यम भी बन गई थी। संजय की मौत के बाद इसका राजनीतिक महत्व बना रहा, लेकिन अब मेनका की अपनी अलग राजनीतिक दिशा थी।

फरवरी 1982 में मेनका ने सूर्या मैगजीन को बेच दिया। इंदिरा को पत्रिका के बिकने से दुख हुआ। क्योंकि वो उसे संजय की धरोहर समझती थी। लेकिन, उन्हें इससे भी ज्यादा दुख हुआ खरीदारों के बारे में जानकर। सूर्या के नए मालिकों का संबंध राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उस समय के विपक्षी पॉलिटिकल ग्रुप से था।

इंदिरा गांधी को यह बात बहुत बुरी लगी। उनके लिए यह सिर्फ एक पत्रिका का सौदा नहीं था। संजय के नाम से जुड़ी पत्रिका का उन लोगों के पास जाना उनके लिए राजनीतिक और भावनात्मक, दोनों स्तरों पर अपमानजनक था, जिन्हें वह अपना विरोधी मानती थीं। सोनिया गांधी ने भी अपनी किताब में लिखा है कि मेनका ने यह सौदा परिवार को भरोसे में लिए बिना किया था।

इसके बाद लखनऊ में एक राजनीतिक सम्मेलन ने आग में घी डालने का काम किया। मार्च 1982 में मेनका संजय गांधी की नीतियों और विचारों का समर्थन करने वाले सम्मेलन में पहुंचीं। इस आयोजन को इंदिरा गांधी के विरोधियों से जुड़ा माना जा रहा था। मेनका ने मंच से इंदिरा की तारीफ भी की, लेकिन साथ ही उनकी कुछ बातों से असहमति जताई। इंदिरा को यह राजनीतिक चुनौती लगी। उन्हें लगा कि मेनका संजय के नाम का इस्तेमाल करके अपनी अलग राजनीतिक पहचान बना रही हैं।

इंदिरा उस समय लंदन के दौरे पर थीं। लौटने के बाद दोनों के बीच टकराव हुआ। सोनिया गांधी के मुताबिक, इंदिरा ने मेनका के सामने साफ विकल्प रखा था। या तो वह अपनी राजनीतिक गतिविधियां बंद करें या फिर घर छोड़ दें। सोनिया का दावा है कि मेनका ने पहले से ही घर छोड़ने की तैयारी कर ली थी और इस घटनाक्रम को सार्वजनिक बनाने की योजना भी बनाई थी। उन्होंने अपनी किताब में इस पूरे विवाद को आज के दौर के ‘रियलिटी शो’ जैसा बताया है।

इस पूरे विवाद में एक दिलचस्प बात यह थी कि मेनका खुद को गांधी परिवार से अलग मानने को तैयार नहीं थीं। घर से निकलने के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा था, ”मैं अब भी गांधी हूं। मैं उनकी बहू हूं और खुद को इस परिवार का हिस्सा मानती हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि अगर इंदिरा उन्हें बिना किसी शर्त के वापस बुलाती हैं तो वह लौट सकती हैं। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

घर छोड़ने के कुछ महीनों बाद मेनका ने अपनी अलग राजनीतिक राह चुन ली।

अगस्त 1982 में उन्होंने ‘संजय विचार मंच’ नाम से संगठन बनाया। इसका मकसद संजय गांधी के विचारों को आगे बढ़ाना बताया गया। वह देशभर में घूमीं और संजय के समर्थकों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश की। अब वह सिर्फ संजय की विधवा नहीं थीं। वह अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाने में जुटी थीं।

1984 के लोकसभा चुनाव में मेनका ने अमेठी से राजीव गांधी के खिलाफ चुनाव भी लड़ा। यह संजय गांधी की संसदीय सीट थी, जहां से राजीव अपनी राजनीतिक पारी शुरू कर रहे थे। मेनका चुनाव हार गईं। बाद में वह वीपी सिंह के जनता दल में गईं और 2004 में बीजेपी में शामिल हो गईं। दूसरी तरफ गांधी परिवार से उनकी दूरी बनी रही।

इस कहानी का एक और पहलू है।

संजय गांधी की मौत के बाद वरुण गांधी को लेकर भी परिवार में तनाव पैदा हुआ। मार्च 1981 में वरुण का पहला जन्मदिन कांग्रेस की वैचारिक विरोधी वसुंधरा राजे के घर मनाया गया था। इंदिरा इस बात से नाराज हुई थीं। सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि परिवार वरुण से मिलना चाहता था, लेकिन मेनका ने मिलने की अनुमति नहीं दी। वरुण के चौथे जन्मदिन पर इंदिरा पंजाब चुनाव में व्यस्त थीं। उन्होंने सोनिया से कहा कि वो वरुण को कुछ तोहफे दे आएं।

सोनिया ने अपनी किताब में लिखा है, ‘मैं तोहफा देने वरुण के नर्सरी स्कूल गई थी। अगले दिन अखबारों में खबरें छपीं, जिनमें मेनका ने आरोप लगाया कि मेरी सास ने मुझे बच्चे का अपहरण करने के लिए भेजा था।’ इस मामले में कानूनी लड़ाई भी चली। और इन सबका नतीजा ये हुआ कि मेनका के लिए गांधी परिवार में वापसी का हर एक दरवाजा बंद हो गया।

दरअसल, संजय गांधी की मौत ने गांधी परिवार में एक खाली जगह छोड़ दी थी। मेनका उस जगह पर अपना अधिकार देख रही थीं। इंदिरा गांधी अपने बड़े बेटे राजीव को आगे बढ़ा रही थीं। यही दोनों के बीच टकराव की असली वजह थी, और मेनका के गांधी परिवार को छोड़ने की वजह भी।

 

रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई