वाराणसी। अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, विवेचनाओं के निस्तारण और त्वरित पुलिस सहायता के मोर्चे पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने अक्टूबर 2026 की मुख्यमंत्री डैशबोर्ड रैंकिंग में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। प्रदेश स्तर पर कमिश्नरेट को चौथा स्थान प्राप्त हुआ है। सबसे खास बात यह है कि 50 Key Performance Indicators (KPI) पर आधारित मूल्यांकन में वाराणसी ने 25 सूचकांकों में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया, जबकि 8 अन्य सूचकांकों में टॉप-5 में जगह बनाई।
पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की नियमित समीक्षा, सख्त मॉनिटरिंग और अधिकारियों की जवाबदेही के चलते यह उपलब्धि हासिल हुई है।
अपराधियों पर कार्रवाई से लेकर महिला सुरक्षा तक प्रभावी प्रदर्शन
अपराध नियंत्रण के मोर्चे पर वाराणसी पुलिस ने कई महत्वपूर्ण सूचकांकों में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। दहेज मृत्यु, शीलभंग, एससी/एसटी एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, आबकारी अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई दर्ज की गई। इसके अलावा बलात्कार, हत्या और अपहरण जैसे गंभीर अपराधों में भी पुलिस कार्रवाई का उल्लेख किया गया है।
विवेचनाओं के निस्तारण में बड़ी उपलब्धि, 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल
लंबित मामलों के निस्तारण में भी वाराणसी पुलिस का प्रदर्शन सामने आया है। गैंगस्टर एक्ट के तहत लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई में 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का दावा किया गया है।
वहीं जघन्य अपराधों की विवेचना निस्तारण दर 97.10 प्रतिशत और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई 96.45 प्रतिशत दर्ज की गई। तीन माह से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में भी कमिश्नरेट को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है।
महिला और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष फोकस
महिला अपराधों के मामलों में कार्रवाई के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। हालांकि पॉक्सो एक्ट से संबंधित कार्रवाई के सूचकांक में वाराणसी पुलिस को प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त हुआ है। यह आंकड़े महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर पुलिस की कार्रवाई का विवरण प्रस्तुत करते हैं।
डायल-112 बनी वाराणसी पुलिस की बड़ी ताकत, 4.53 मिनट में पहुंची मदद!
त्वरित पुलिस सहायता के मामले में वाराणसी कमिश्नरेट ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। अक्टूबर महीने में डायल-112 की पीआरवी का औसत रिस्पॉन्स टाइम महज 4.53 मिनट रहा। इस दौरान कुल 21,080 मामलों में 10 मिनट के भीतर सहायता उपलब्ध कराई गई।
सत्यापन से लेकर अग्नि सुरक्षा तक 100 प्रतिशत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार कर्मचारी सत्यापन, घरेलू सहायकों और किरायेदारों का सत्यापन, सीसीटीएनएस शिकायतों, कार्यक्रमों एवं जुलूसों की अनुमति तथा विरोध-प्रदर्शन संबंधी अनुरोधों पर शत-प्रतिशत कार्रवाई की गई। अग्निशमन विभाग से संबंधित एनओसी और अग्नि सुरक्षा आकलन के मामलों में भी 100 प्रतिशत कार्रवाई दर्ज की गई।
अंतिम दस से टॉप-10 तक का सफर
कमिश्नरेट की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, वर्ष 2023 और 2024 में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में अंतिम दस स्थानों में रहने के बाद वाराणसी पुलिस की स्थिति में लगातार सुधार हुआ है। अब कमिश्नरेट टॉप-10 में अपनी जगह बनाए हुए है और अक्टूबर 2026 की रैंकिंग में प्रदेश में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
कुल मिलाकर 50 में से 25 सूचकांकों में प्रदेश में प्रथम स्थान और 8 में टॉप-5 की उपलब्धि के साथ वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने अपने प्रदर्शन के आंकड़े प्रस्तुत किए हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की निगरानी में रैंकिंग सुधारने की दिशा में प्रयास जारी रहने की बात कही गई है।






