काशी से विदाई: यादों में रहेंगे एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी, अब आगरा में संभालेंगे नई जिम्मेदारी;

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी

कुछ अधिकारी अपनी तैनाती के दौरान केवल सरकारी जिम्मेदारियां नहीं निभाते, बल्कि अपने काम, व्यवहार, साहस और कार्यशैली से लोगों के दिलों में भी जगह बना लेते हैं। ऐसे ही अधिकारियों में एक नाम सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी का है। वाराणसी में लंबे समय तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं देने के बाद अब उनका स्थानांतरण आगरा हो गया है। उनके स्थानांतरण की खबर के साथ ही काशी में उनके कार्यकाल की उपलब्धियां और उनसे जुड़ी यादें एक बार फिर चर्चा में हैं।

काशी की गलियों से लेकर संवेदनशील पुलिस सर्किलों तक, अपराध नियंत्रण से लेकर बड़े आयोजनों की व्यवस्थाओं तक, डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने अपनी कार्यशैली की अलग छाप छोड़ी। पिंडरा और बड़ागांव में सर्किल अधिकारी रहते हुए उन्होंने कई सनसनीखेज घटनाओं का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की। उनकी पहचान त्वरित कार्रवाई और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सूझबूझ से निर्णय लेने वाले अधिकारी के रूप में बनी।

एसीपी कैंट के रूप में उनका एक कार्य आज भी मानवीय संवेदनशीलता और साहस की मिसाल के तौर पर याद किया जाता है। दो वर्षीय बच्ची और उसकी मां को 10 लाख रुपये की फिरौती के लिए घर में बंधक बनाए जाने की घटना में उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना सूझबूझ से रणनीति बनाई। बच्ची का ताऊ बनकर घर के भीतर पहुंचना और मां-बेटी को सकुशल बाहर निकालना उनकी कार्यशैली का ऐसा प्रसंग रहा, जिसे लंबे समय तक भुलाया नहीं जा सकेगा। इसी कार्यकाल में कैंट एसीपी कार्यालय को गुणवत्ता के आधार पर ISO 9001 प्रमाणन भी प्राप्त हुआ।

एसीपी भेलूपुर रहते हुए बीएचयू आईआईटी की छात्रा के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना में अभियुक्तों की गिरफ्तारी और प्रभावी पुलिस कार्रवाई में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, एसीपी सारनाथ के रूप में कई चर्चित घटनाओं का अनावरण कर अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की। महाकुंभ के दौरान काशी में श्रद्धालुओं के पलट प्रवाह और यातायात व्यवस्था को संभालने में भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

एसीपी दशाश्वमेध के रूप में उनकी भूमिका काशी के महत्वपूर्ण विकास कार्यों से भी जुड़ी रही। दालमंडी के चौड़ीकरण और मणिकर्णिका घाट के सौंदर्यीकरण जैसे संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण कार्यों में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई। धार्मिक नगरी काशी की संवेदनशीलता को समझते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखना और विकास कार्यों को गति देना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस महानिदेशक की ओर से शौर्य स्वर्ण एवं प्लैटिनम मेडल और पुलिस आयुक्त की ओर से कई प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए। ये सम्मान उनके कार्यकाल की उपलब्धियों के साथ उनकी मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा को भी दर्शाते हैं।

काशी से विदाई, लेकिन यादों से नहीं…

पुलिस सेवा में स्थानांतरण एक सामान्य प्रक्रिया है। आज वाराणसी से आगरा जाना डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी की सेवा यात्रा का अगला पड़ाव है, लेकिन काशी में बिताए उनके कार्यकाल की यादें उनके साथ-साथ यहां के लोगों के बीच भी रहेंगी। वर्दी में जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं, तैनाती के शहर बदलते रहते हैं, लेकिन कुछ काम ऐसे होते हैं जो अधिकारी के जाने के बाद भी उसकी पहचान बनकर रह जाते हैं।

काशी की धरती से विदा हो रहे डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी के लिए यही कहना उचित होगा कि आपने यहां सिर्फ अपनी ड्यूटी नहीं निभाई, बल्कि कई ऐसे प्रसंग और उपलब्धियां छोड़ी हैं, जिन्हें याद किया जाएगा।

अलविदा काशी के एक कर्मठ अधिकारी! आगरा की नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं। उम्मीद है कि आपकी कार्यशैली, साहस और कर्तव्यनिष्ठा वहां भी नई मिसाल कायम करेगी।डी के पाण्डेय

काशी की ओर से आपको नई पारी के लिए शुभकामनाएं।

 

रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई